NH-39 के ग्राम उपनी में भीषण सड़क हादसा: 7 की मौत, 9 गंभीर घायल
सीधी। जिले के थाना बहरी अंतर्गत ग्राम उपनी में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी तूफान गाड़ी और बल्कर वाहन की आमने-सामने भिड़ंत में 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। इनमें से 9 गंभीर घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि 5 अन्य का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मटिहनी गांव निवासी साहू परिवार अपने बच्चे के मुंडन संस्कार के लिए मैहर शारदा माता मंदिर जा रहा था। तूफान वाहन में कुल 22 लोग सवार थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बल्कर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य 14 यात्री घायल हो गए।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। डीएसपी गायत्री तिवारी ने बताया कि हादसे की जानकारी रात्रि 2:30 बजे प्राप्त हुई थी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से घायल 9 लोग रेफर
अस्पताल में भर्ती 14 घायलों में से 9 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जबकि 5 घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
शोक की लहर, प्रशासन ने दिया सहायता का आश्वासन
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस अधीक्षक एवं एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।